भारतयी जनता पार्टी (BJP) के अध्यक्ष नितिन नवीन को संसद भवन में अपना कमरा मिल गया है. ये वही कमरा है जिसमें एक समय में अटल बिहारी वाजपेयी और एलके आडवाणी जैसे नेता भी बैठते थे. नितिन नवीन को पुराने संसद भवन में बीजेपी कार्यालय के पास कमरा नंबर चार दिया गया है.
BJP अध्यक्ष नितिन नवीन को लुटियन दिल्ली में सरकारी बंगला मिलने के बाद अब संसद भवन परिसर में भी कमरा मिल गया है. पुराने संसद भवन को अब संविधान सदन के नाम से जाना जाता है. सभी राष्ट्रीय दलों के कार्यालय इसी भवन में हैं. कुछ राज्य मंत्रियों के कार्यालय भी इसी इमारत में हैं.
BJP अध्यक्ष नितिन नवीन को जो चार नंबर कमरा मिला है. इस कमरे की कहानी अपने आप में बेहद दिलचस्प है. इस कमरे से ऐतिहासिक रूप से पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और पूर्व उपप्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी का जुड़ाव रहा है. ग्राउंड फ्लोर पर स्थित यह कमरा नंबर 4 भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के इतिहास का एक महत्वपूर्ण प्रतीक है.यह कमरा 2004 के लोकसभा चुनावों के बाद पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को एनडीए अध्यक्ष के रूप में आवंटित किया गया था.